मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित ऊंचौली गांव स्थित इंडियन बैंक शाखा की घटना
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित ऊंचौली गांव के इंडियन बैंक शाखा में शुक्रवार की सुबह ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल जाने से रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों तथा ग्राहकों में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में की गई है। वह इंडियन बैंक में रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक बंदूक से मिसफायर हो गया और गोली पास में मौजूद राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी। गोली लगते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम बिहारी प्रसाद समेत अन्य कर्मचारियों ने घायल राजेंद्र पासवान को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया। हालांकि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला तथा सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है। वहीं बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में खड़े रिकवरी एजेंट को जा लगी। प्रारंभिक तौर पर घटना को मिसफायर माना जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।