नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सिमडेगा। नगर भवन, सिमडेगा में भारत की जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को जनगणना से जुड़े 32-33 महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई और उन्हें भरने की विधि समझाई गई। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्मार्टफोन के माध्यम से लाइव प्रक्रिया देखते हुए स्व-गणना पूर्ण की। कार्यक्रम में सर्वप्रथम विधायक भूषण बाड़ा ने स्वयं स्व-गणना कर अभियान की शुरुआत की।
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे जन-अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल माध्यमों और स्व-गणना की सुविधा से प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और सटीक होगी।
पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने कहा कि जनगणना के आंकड़े शासन-प्रशासन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं, जो नीति निर्माण और संसाधनों के उचित आवंटन में सहायक होते हैं। उन्होंने डिजिटल माध्यम के उपयोग को जनगणना की पारदर्शिता और सटीकता बढ़ाने वाला बताया।
विधायक एवं उपायुक्त ने स्व-गणना जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ प्रखंड के विभिन्न ग्रामों तक से स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। हस्ताक्षर अभियान में सभी आगंतुकों ने अपने-अपने हस्ताक्षर किए।