नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक व्यक्ति करगहर प्रखंड के भगवानपुर का रहने वाला है, जबकि अन्य चार मृतक मठिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी आपस में रिश्तेदार थे।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग चेनारी थाना क्षेत्र के लोधी गांव से तिलक समारोह में शामिल होकर बस से अपने गांव मठिया लौट रहे थे। जैसे ही वे बस से उतरकर सड़क पार करने लगे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पहले एक पिकअप वैन को टक्कर मारी और फिर बस से टकराते हुए सड़क पार कर रहे लोगों को रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि पांचों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों में शादी होने वाली लड़की के पिता अशोक सिंह भी शामिल हैं। इसके अलावा पिंटू सिंह, रजनीश सिंह और करगहर के भगवानपुर निवासी रामव्रत सिंह की भी इस हादसे में जान चली गई। एक अन्य मृतक की पहचान भी स्थानीय निवासी के रूप में हुई है।
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।