22 से 26 नवंबर तक चलेगा अभियान, स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर पिलाएगी पोलियो की खुराक
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिले में बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल के नए भवन में किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में डीआईओ डॉ. मिथिलेश प्रसाद सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित अखौरी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
अभियान के तहत 22 से 26 नवंबर तक जिले में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इस अभियान के माध्यम से जिले के कुल 4,15,795 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की टीम विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक देगी।
कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. नकीब एवं वीर सेन, डीपीसी नागेन्द्र केशरी, यूएनडीपी की अर्शी अली खान तथा यू-विन कोऑर्डिनेटर राहुल राज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और लक्ष्य के अनुरूप सभी बच्चों को पोलियो की खुराक सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि अभियान के दौरान अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि पोलियो जैसी बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।