उत्तर कोयल परियोजना के पैकेज-09 अंतर्गत चैनल संख्या-86 का किया गया निरीक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल द्वारा संयुक्त रूप से औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत उत्तर कोयल परियोजना के पैकेज-09 अंतर्गत चैनल संख्या-86 का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परियोजना अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा कार्य की गुणवत्ता का आकलन करना था। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न स्थलों पर चल रहे खुदाई कार्य, सबग्रेड सामग्री बिछाव, सीएनएस कार्य, नहर लाइनिंग एवं पीसीसी कार्य का अवलोकन किया गया। निरीक्षण में कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई।

पैकेज-09 अंतर्गत 82.32 किमी से 90.02 किमी तक कुल 7.70 किमी क्षेत्र में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अब तक 3.20 किमी कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 12 में से 03 संरचनाओं का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। वर्तमान में खुदाई, सीएनएस, लाइनिंग एवं संरचना निर्माण कार्य प्रगति पर है। पैकेज की कुल भौतिक प्रगति 41.60 प्रतिशत दर्ज की गई है। निरीक्षण के क्रम में यह भी पाया गया कि कुछ स्थलों पर जलभराव एवं जल रिसाव की समस्या के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, जिसके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बेंच कटिंग का कार्य भी प्रगति पर है। जिला पदाधिकारी द्वारा परियोजना के तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसी को निर्देश दिया कि शेष सभी स्ट्रक्चर निर्माण कार्य इस माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाए, ताकि नहर में पानी छोड़े जाने के उपरांत जल का अपव्यय न हो तथा किसानों को सिंचाई हेतु सुचारु रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सीएनएस कार्य निर्माण में झारखंड राज्य की ओर से उत्पन्न हो रही समस्याओं के संबंध में संबंधित एजेंसी से वार्ता की गई। एजेंसी द्वारा अवगत कराया गया कि समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई कर ली गई है। जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु अतिरिक्त लेबर एवं मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया, ताकि संरचना निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्य एजेंसियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उपेंद्र पंडित, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।