नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। एनटीपीसी के पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में गुरुवार को हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के उपनिदेशक (राजभाषा) शमशेर सिंह ने किया।

कार्यशाला के दौरान उपनिदेशक शमशेर सिंह ने एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में राजभाषा नीति के अनुपालन हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजभाषा अधिनियम, 1963 एवं राजभाषा नियम, 1976 के तहत जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन पर विशेष बल दिया। साथ ही सरकारी कार्यों से संबंधित 14 प्रकार के दस्तावेजों को द्विभाषी रूप में जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर श्री सिंह ने राजभाषा हिन्दी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा के सफल क्रियान्वयन के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने हिन्दी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम ने राजभाषा प्रावधानों के शत-प्रतिशत अनुपालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कार्यशाला के दौरान प्राप्त सुझावों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
कार्यशाला में सभी विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने और कार्यालयी कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष चर्चा की गई।