विश्व पर्यावरण दिवस पर जैव विविधता उद्यान में हुआ भव्य कार्यक्रम
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को औरंगाबाद वन प्रक्षेत्र अंतर्गत स्थित जैव विविधता उद्यान, भरकुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और जैव विविधता के महत्व पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी रूचि सिंह ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दोनों अतिथियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरकुर के विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित जीवन और स्वच्छ प्रकृति से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह और वन प्रमंडल पदाधिकारी रूचि सिंह द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

अपने संबोधन में विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि पर्यावरण और मानव जीवन का संबंध अटूट है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर उनके संरक्षण का दायित्व भी निभाएं।
वन प्रमंडल पदाधिकारी रूचि सिंह ने कहा कि वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल कर हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने हेतु पर्यावरण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।
इस अवसर पर औरंगाबाद वन क्षेत्र पदाधिकारी मनोज कुमार मिश्रा, वनपाल राजीव कुमार, वनरक्षी मो. सबीर, सोनु कुमार पाण्डेय, प्रिन्स कुमार सिंह, राहुल कुमार एवं गजेन्द्र कुमार, बीके सविता दीदी सहित वन विभाग के सभी कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।