गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। पुलिस केंद्र डेहरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवान श्रीराम कुमार की तबीयत प्रशिक्षण के दौरान बिगड़ने के बाद इलाज के क्रम में बुधवार को पटना में मौत हो गई। जवान के निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर जिले के चांदपुर धमौन गांव निवासी पवित्र दास के पुत्र श्रीराम कुमार पुलिस केंद्र डेहरी में प्रशिक्षण ले रहे थे। मंगलवार की सुबह आयोजित लंबी दौड़ के दौरान उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उनका निधन हो गया।
मृतक जवान का शव पुलिस लाइन डेहरी लाया गया, जहां शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. सत्यप्रकाश, रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, एएसपी अतुलेश झा, सार्जेंट मेजर गोरख राम सहित अन्य वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई।
जवान की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन डेहरी पहुंचे। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि श्रीराम कुमार दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी और करीब साढ़े चार वर्ष का एक पुत्र है।
श्रद्धांजलि समारोह के दौरान मेजर राम लाल प्रसाद, सासाराम नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार, इंद्रपुरी थानाध्यक्ष प्रियंका कुमारी समेत कई पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद मृतक जवान का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।