एनएच-80 पर बिजली पोल और मकान की दीवार के बीच जा घुसी कार, पुलिस जांच में जुटी
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। तीर्थयात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार बुधवार देर रात मोकामा के मराँची थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। एनएच-80 पर शेरपुर गांव के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार और बिजली के पोल के बीच जा टकराई। हादसे में कार सवार चार श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर मधुबनी जिले लौट रहे थे। इसी दौरान देर रात शेरपुर गांव के पास चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सीधे सड़क किनारे बिजली के पोल और मकान की दीवार के बीच जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मराँची थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि हादसे में मधुबनी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव निवासी मीणा कुमारी, विमला देवी, निर्मला देवी और पप्पू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मराँची थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मराँची में भर्ती कराया। सभी घायलों का उपचार जारी है।
थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने अथवा तेज रफ्तार के कारण हादसा होने की आशंका है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-80 पर सड़क सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।