नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। मद्य निषेध विभाग ने एरका चेक पोस्ट पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया है। जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक से 16 बोरा डोडा बरामद किया गया, जबकि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह कार्रवाई अधीक्षक मद्य निषेध मनोज कुमार राय एवं निरीक्षक मद्य निषेध चंदन कुमार के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व एएसआई अजय कुमार पासवान ने किया। उनके साथ कांस्टेबल कुंदन कुमार, विकास कुमार, गृहरक्षक राकेश कुमार, एमटीएस मनीष कुमार सिंह तथा स्कैनर ऑपरेटर राजेश कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार झारखंड की ओर से आ रहे एक ट्रक को एरका चेक पोस्ट पर रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान ट्रक से 16 बोरा डोडा बरामद हुआ। इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान हरिपाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के मितौली थाना क्षेत्र स्थित बलिया गांव का निवासी बताया जाता है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया है कि वह मादक पदार्थ की खेप लेकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। हालांकि एरका चेक पोस्ट पर तैनात टीम की सतर्कता के कारण उसकी योजना विफल हो गई।
मद्य निषेध विभाग अब इस पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ का मुख्य स्रोत क्या है, इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी तथा इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर जल्द ही अन्य तस्करों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
इस कार्रवाई को औरंगाबाद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।