नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद शहर के एनएच-19 पर शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक हाईस्कूल शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जम्होर थाना क्षेत्र निवासी 44 वर्षीय मदन माथुर के रूप में हुई है, जो सीरीस हाईस्कूल में गणित शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार मदन माथुर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल की सर्विसिंग कराने के लिए औरंगाबाद स्थित एजेंसी जा रहे थे। इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र में देव हॉस्पिटल के सामने बुलेट शोरूम के समीप पीछे से तेज रफ्तार अपाची बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अपाची बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मदन माथुर अपने दो भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के मुख्य सहारा माने जाते थे। उनके निधन से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया। सदर अस्पताल में पत्नी बार-बार बेहोश हो रही थीं, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सीरीस हाईस्कूल में कक्षा नौ और दस के विद्यार्थियों को गणित पढ़ाने वाले मदन माथुर सरल स्वभाव और समर्पित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन की खबर से विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षक संघ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है। एक क्षण की असावधानी ने एक परिवार का सहारा छीन लिया और तीन बेटियों को पिता के स्नेह से वंचित कर दिया।