अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर में कार्यक्रम का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने योगाभ्यास कर उपस्थित लोगों को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।
पूर्व सांसद ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार भी है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
सुशील कुमार सिंह ने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। योग सत्र के दौरान विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से पूर्व सांसद का स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।