नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आज बटाने पुल के डायवर्जन निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को अगले 15 दिनों के भीतर डायवर्जन निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कार्य की शीघ्रता सुनिश्चित करने हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यपालक अभियंता को आवश्यकतानुसार श्रमिकों एवं मशीनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने रात्रि पाली (नाइट शिफ्ट) में भी कार्य संचालित करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने सहायक अभियंता (AE), कनीय अभियंता (JE) एवं अन्य संबंधित तकनीकी कर्मियों को रोस्टर के अनुसार 24×7 स्थल पर उपस्थित रहकर कार्य की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन को ध्यान में रखते हुए कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसी की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर संतन कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता(एनएचएआई) एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।