नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। मौला बाग स्थित बालिका इंटर विद्यालय की चाहरदीवारी से सटा हुआ अतिक्रमण शुक्रवार को नगर परिषद द्वारा हटाया गया। यहां खान-पान की सामग्री बेचने वाली कई दुकानें लगी हुई हैं। अधिकारियों ने कुछ अतिक्रमण हटाया है और कुछ को नोटिस देना तय किया है। जो बड़े अस्थाई निर्माण वाली दुकान हैं, उनको दो या तीन दिन में अतिक्रमण हटाने का समय देते हुए नोटिस दिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों और पुलिस बल की टीम पहुंची, तो एक दुकान संचालक विधवा कलपने लगी। उसके पति की मौत हो गई थी, और उसके बाद वह इसी छोटे से दुकान से अपनी आजीविका चलाती है। हालांकि अधिकारियों ने संवेदना दिखाते हुए उसे तत्काल नहीं हटाया। इस स्थान पर कुछ बड़े अस्थाई दुकान भी हैं। जिनको हटाने के लिए प्रशासन नोटिस देने वाला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तुरंत हटाने से बड़ी क्षति हो सकती थी, इसलिए अधिक क्षति इन दुकानदारों को ना हो, इसका ख्याल रखते हुए दो से तीन दिन का वक्त देने संबंधित नोटिस जारी किया जाएगा।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी के नेतृत्व में सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अभियान में टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार, नगर परिषद के अमीन अर्जुन कुमार, सफाई कर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना और शहर को व्यवस्थित बनाना है। इसलिए आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा।