नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के कुशल नेतृत्व में जिला के सभी संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर मुस्तैदी से कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं तथा लगातार क्षेत्र की गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्ती, निगरानी एवं समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इसी क्रम में दाउदनगर, हसपुरा, नवीनगर, गोह एवं अन्य प्रखंडों में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं अंचल अधिकारी (सीओ) अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ भ्रमण कर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की कार्यप्रणाली का निरीक्षण कर रहे हैं तथा मुहर्रम के अवसर पर सभी आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर निर्धारित अवधि तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, किसी भी परिस्थिति पर सतर्क दृष्टि बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने जिलावासियों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।