0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ सदर अस्पताल, औरंगाबाद में जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं तथा अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन में भारत ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है, किंतु इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित रूप से आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारियों, चिकित्सा कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ कार्य करें तथा घर-घर जाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के प्रथम दिन जिले के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके उपरांत निर्धारित तिथियों में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, डीपीएम हेल्थ, सदर अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रशासन, औरंगाबाद ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास के सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।