नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा (पटना)। बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा के लिए मोकामा से श्रद्धालुओं का पहला जत्था रविवार को रवाना हुआ। इस दौरान मोकामा रेलवे स्टेशन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा स्टेशन परिसर गूंज उठा।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें मंगलकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
पहले जत्थे में कुल 60 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 15 महिलाएं और 45 पुरुष हैं। सभी यात्री हिमगिरि एक्सप्रेस से जम्मू के लिए रवाना हुए, जहां से वे आगे की यात्रा कर बाबा बर्फानी के पवित्र धाम पहुंचेंगे।
यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में सुदर्शन कुमार, मनोज कुमार और दिवाकर यादव सहित अन्य भक्तों ने बताया कि उनका जत्था 5 जुलाई को बाबा बर्फानी के पावन दर्शन करेगा। श्रद्धालुओं ने यात्रा की सफलता और सभी के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की बात कही।