नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड (बीआरबीसीएल) के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में ए.जे. राजकुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया है। विद्युत उत्पादन एवं परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में लगभग तीन दशक का अनुभव रखने वाले श्री राजकुमार के नेतृत्व से कंपनी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्री राजकुमार ने वर्ष 1995 में एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु (एग्जीक्यूटिव ट्रेनी) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने विद्युत उत्पादन, संयंत्र संचालन तथा परियोजना प्रबंधन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
बीआरबीसीएल का कार्यभार संभालने से पहले वह एनटीपीसी विंध्याचल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने एनटीपीसी की प्रमुख परियोजनाओं तालचेर कनिहा, वल्लूर तथा रामागुंडम में भी विभिन्न अहम पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
कंपनी के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ए.जे. राजकुमार के व्यापक अनुभव और नेतृत्व क्षमता से बीआरबीसीएल की परिचालन दक्षता और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उनके नेतृत्व में कंपनी उत्पादन क्षमता, तकनीकी नवाचार और बेहतर प्रबंधन की दिशा में नए आयाम स्थापित करेगी।