नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है।
शनिवार को पश्चिम बंगाल के सृजनी ऑडिटोरियम में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा, मजदूर, पिछड़े, अनुसूचित जाति-जनजाति, मध्यम वर्ग और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिससे सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँच रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रतिवर्ष पाँच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिल रहा है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल सुविधा का विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाखों रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को बिना गारंटी ऋण मिला है, जबकि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण और वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत करोड़ों शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता के साथ महिलाओं के सम्मान को भी नई पहचान मिली है। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और मुद्रा योजना जैसी पहल ने युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं। साथ ही, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली ने पारदर्शिता बढ़ाते हुए बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने का कार्य किया है।
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने पश्चिम बंगाल की वर्तमान परिस्थितियों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि नई सरकार ने महिला सहायता योजनाओं, सरकारी कर्मचारियों के महँगाई भत्ते में वृद्धि, रोजगार सृजन, ग्रामीण सड़क विकास तथा केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षा है कि शासन पारदर्शी, जवाबदेह और विकासोन्मुख हो तथा केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर जनहित के कार्यों को गति दें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनकल्याण, सुशासन और विकास में निहित है। निवेश, रोजगार, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तीकरण तथा सामाजिक समरसता के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।
अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही भारत के उज्ज्वल भविष्य और लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति का आधार है।