80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को मिलेगी घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा, पेपरलेस निबंधन व्यवस्था भी शुरू
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने प्रथम हाजीपुर दौरे के दौरान जिलेवासियों को निबंधन विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी। हाजीपुर के अक्षयवट राय स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का एनडीए के विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला निबंधन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने आम लोगों को राहत देने वाली कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम रजिस्ट्रेशन सुविधा की शुरुआत की। इस योजना के तहत अब बुजुर्गों को जमीन या संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय नहीं आना पड़ेगा। निबंधन विभाग के कर्मी स्वयं उनके घर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करेंगे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का भी शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के लागू होने से रजिस्ट्री से संबंधित सभी दस्तावेज डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेंगे, जिससे अभिलेखों के संरक्षण, पारदर्शिता और सुगमता में वृद्धि होगी। नागरिकों को कागजी दस्तावेजों के रख-रखाव की चिंता से भी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निबंधन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से जीआईएस (GIS) तकनीक के माध्यम से भूमि स्थल निरीक्षण तथा निबंधन से पूर्व अंचलाधिकारी (सीओ) द्वारा भूमि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की नई व्यवस्था की भी शुरुआत की। सरकार का मानना है कि इससे भूमि विवादों में कमी आएगी और निबंधन प्रक्रिया अधिक विश्वसनीय बनेगी।
मुख्यमंत्री ने निबंधन विभाग की नई सेवाओं के संचालन के लिए मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यूनिट विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुबह से ही मौसम खराब था और लगातार बारिश हो रही थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। कार्यक्रम स्थल सहित पूरे शहर में सुरक्षा बलों और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई थी तथा चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही थी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यवासियों को निबंधन सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण सौगातें दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराना है। नई योजनाओं के लागू होने से लोगों का समय बचेगा, अनावश्यक दौड़-भाग कम होगी तथा निबंधन प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनेगी।