नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। थाना क्षेत्र के एक गांव में कुरकुरे लाने के बहाने पैसे देकर 13 वर्षीय किशोरी को घर बुलाने और गैंगरेप की कोशिश का मामला सामने आया है। किशोरी के शोर मचाने पर ग्रामीणों के पहुंचने से बड़ी घटना टल गई। पीड़िता की मां ने मसौढ़ी थाने में 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आवेदन में नामजद आरोपी हैं: 1. छोटे मिस्त्री का दामाद बंटी कुमार, 2. नीरज कुमार, 3. बंटी का साला प्रकाश कुमार, 4. प्रकाश का बड़ा भाई और 5. गुन्नू कुमार। प्राथमिकी में एक अन्य व्यक्ति को भी नामजद किया गया है।
पीड़िता की मां का आरोप है कि गांव के ही पड़ोसी युवक ने किशोरी को कुरकुरे लाने के लिए पैसे दिए और उसे घर ले गया। घर में पहले से मौजूद अन्य युवकों ने मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। मां ने बताया कि जब वे थाने में शिकायत दर्ज कराने गईं तो आरोपियों के परिजनों ने उनके साथ मारपीट भी की। घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष विवेक भारती ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस ने कहा कि मामले में POCSO एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।