पंचायत विकास दिवस पर भी होंगे आवेदन प्राप्त एवं निष्पादन : जिला पदाधिकारी
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत पात्र एवं वंचित परिवारों को खाद्य सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 जुलाई 2026 से 13 अगस्त 2026 तक विशेष मिशन संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत ऐसे सभी पात्र परिवार, जिनके पास अब तक राशन कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र परिवार को समयबद्ध ढंग से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है।
औरंगाबाद जिला के लिए NFSA के अंतर्गत 18,90,221 लाभार्थियों की सीमा निर्धारित है, जिसके विरुद्ध वर्तमान में 16,85,195 लाभार्थी आच्छादित हैं। शेष पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए 48,241 नए राशन कार्ड निर्गत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु 13 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन औसतन 1,608 राशन कार्ड निर्गत किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है।
इस विशेष अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 26 जुलाई 2026 (माह के अंतिम रविवार) को आयोजित “पंचायत विकास दिवस” के अवसर पर प्रत्येक पंचायत में राशन कार्ड से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा पात्र लाभुकों के आवेदनों का यथासंभव उसी दिन निष्पादन एवं राशन कार्ड निर्गत करने की व्यवस्था की जाएगी। पंचायत विकास दिवस के माध्यम से आम नागरिकों को अपने पंचायत स्तर पर ही सरल एवं त्वरित सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने अभियान के सफल संचालन हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर का नोडल पदाधिकारी नामित करते हुए निर्देश दिया है कि प्रत्येक प्रखंड का विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार किया जाए। इसके अंतर्गत पंचायत सचिव, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित सभी तकनीकी एवं गैर-तकनीकी कर्मियों की पंचायतवार प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिनियुक्त कर्मी घर-घर जाकर पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करेंगे, अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा किसी भी पात्र परिवार को वंचित नहीं रहने देंगे।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड स्तर पर आवश्यकतानुसार कार्यपालक सहायकों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति की जाए तथा सभी संबंधित कर्मी प्रखंडवार निर्धारित दैनिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए माइक्रोप्लान के अनुरूप प्रतिदिन क्षेत्र भ्रमण करें, पात्र लाभुकों से समय पर आवेदन प्राप्त कराएं तथा राशन कार्ड निर्गमन की पूरी प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराएं।
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद एवं दाउदनगर को अपने-अपने अनुमंडल का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष (Control Room) की स्थापना कर प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करें तथा प्रतिदिन सायं 4:00 बजे तक जिला आपूर्ति शाखा को प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
साथ ही प्रखंडवार निर्धारित दैनिक लक्ष्य की सतत निगरानी करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें तथा किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करते हुए लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति की जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए समय पर आवेदन करें तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाले खाद्य सुरक्षा लाभ से जुड़ें। विशेष अभियान के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।