नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो पुलिस लाइन मैदान में शनिवार को कोयला क्षेत्रीय पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा शामिल हुए।
कार्यक्रम से पूर्व, पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा तथा अन्य पदाधिकारियों ने शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके उपरांत सभी अतिथियों ने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि इस खेल प्रतियोगिता की परंपरा वर्षों पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा शुरू की गई एक सराहनीय पहल है। यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी मेल-जोल, समन्वय और टीम भावना को सुदृढ़ करने का प्रभावी मंच है।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि एक समय था जब खेलों को पढ़ाई की तुलना में कम महत्व दिया जाता था, लेकिन आज परिस्थितियाँ पूरी तरह बदल चुकी हैं। खेलों में सम्मान, पहचान और उज्ज्वल भविष्य की अपार संभावनाएँ हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी देश का गौरव बढ़ा रहे हैं तथा खेलों के माध्यम से रोजगार और सरकारी सेवाओं में भी अवसर प्राप्त कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता में क्रिकेट, खो-खो, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी तथा एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। एथलेटिक्स में 100, 200, 400, 800, 1500 एवं 5000 मीटर दौड़ (महिला एवं पुरुष), 4×100 एवं 4×400 मीटर रिले, लंबी कूद, ऊँची कूद, ट्रिपल जंप, शॉट पुट, हैमर थ्रो, जैवलिन थ्रो तथा डिस्कस थ्रो की प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में धनबाद जिला पुलिस के 139 तथा बोकारो जिला पुलिस के 115 खिलाड़ियों सहित कुल 254 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के सफल एवं विवादरहित संचालन के लिए दोनों जिलों की पुलिस टीमों में टीम कप्तानों की नियुक्ति की गई है।