नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल, हजारीबाग के प्रमण्डलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बोकारो समाहरणालय सभागार में विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रह, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) की योजनाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
समीक्षा के क्रम में प्रमण्डलीय आयुक्त ने वन विभाग, खनन विभाग, निबंधन विभाग, नगर निगम चास, उत्पाद विभाग, वाणिज्यकर विभाग, बाजार समिति, माप-तौल विभाग सहित अन्य विभागों के राजस्व संग्रह की समीक्षा की।
प्रमण्डलीय आयुक्त ने बालू उठाव के संबंध में एनजीटी के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचल अधिकारियों को नियमित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जिला अवर निबंधक को गैर-मजरुआ भूमि का निबंधन नहीं होने देने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान प्रमण्डलीय आयुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्देश दिए। उन्होंने आधिकारिक लॉगिन के सावधानीपूर्वक उपयोग, बायोमेट्रिक उपस्थिति, मुख्यालय में नियमित उपस्थिति, राजस्व एवं भूमि अभिलेखों के सुरक्षित रख-रखाव तथा आम नागरिकों के फोन कॉल का यथासंभव उत्तर देने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत प्राप्त सभी आवेदनों एवं अपीलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा संबंधित सूचनाएं अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आरटीआई मामलों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब प्रशासन की कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है, इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने लंबित राजस्व मामलों के शीघ्र निष्पादन, ऐतिहासिक धरोहरों एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राज्य सरकार के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अध्ययन तथा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा।