जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक निकला पैदल मार्च, कानून वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। यूजीसी इक्विटी कानून और आरक्षण व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को धनबाद में सवर्ण समाज के लोगों ने विरोध मार्च निकाला। जिला परिषद मैदान से शुरू हुआ यह मार्च रणधीर वर्मा चौक तक पहुंचा। मार्च में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘UGC Roll Back’ लिखी तख्तियां थीं और वे यूजीसी कानून को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे थे।

विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण और यूजीसी इक्विटी कानून के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की जरूरत है और इसका लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए।
मार्च का नेतृत्व राजपूत विचार मंच के अध्यक्ष अरुण सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यूजीसी इक्विटी कानून समाज में जाति के आधार पर विभाजन और मनमुटाव बढ़ाने का काम कर सकता है। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज इस कानून का कड़ा विरोध करता है और इसे तत्काल वापस लेने की मांग करता है।
अरुण सिंह ने कहा कि उनका संगठन आरक्षण के पूरी तरह विरोध में नहीं है, लेकिन आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि आरक्षण का लाभ उन्हीं लोगों को मिलना चाहिए, जिन्हें वास्तव में इसकी जरूरत है।
उन्होंने समाज के लोगों से जातिगत पहचान से ऊपर उठकर भारतीय होने की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की। साथ ही यूजीसी इक्विटी कानून को वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से यूजीसी कानून पर पुनर्विचार करने और आरक्षण व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने की मांग की।