20 वर्षों से कार्यरत कर्मी की गई जान, परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गिरिडीह। चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में प्लांट के एक कर्मी की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद जिले के निरसा निवासी राज किशोर सिन्हा के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग 20 वर्षों से प्लांट में कार्यरत थे और प्लांट परिसर स्थित कुटिया मंदिर गेस्ट हाउस में रहते थे।
परिजनों के अनुसार, देर रात थाना से सूचना मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। बताया गया कि रेलवे रेक से माल खाली कराने के दौरान राज किशोर सिन्हा टॉर्च की रोशनी से हाईवा चालक को वाहन साइड करने का संकेत दे रहे थे। इसी दौरान वह हाईवा की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इतने बड़े औद्योगिक परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद शव को बोरे में भरकर गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जिसे उन्होंने अमानवीय और अत्यंत संवेदनहीन व्यवहार बताया।
हादसे की सूचना मिलते ही बार एसोसिएशन के महासचिव एवं भाजपा नेता चुन्नू कांत तथा भाकपा (माले) नेता राजेश सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा निष्पक्ष जांच और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
मृतक के भांजे आयुष रंजन ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए प्लांट प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
समाचार लिखे जाने तक वेंकटेश्वर प्लांट प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।