नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपुर के समीप जीटी रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। कंटेनर का चालक और सहचालक दोनों सुरक्षित बच गए। वहीं कंटेनर के सड़क पर पलटने से करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
मिली जानकारी के अनुसार कंटेनर डोभी की ओर से बारुण की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पांडेयपुर के समीप चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कंटेनर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। चालक और सहचालक को सुरक्षित देखकर लोगों ने राहत की सांस ली। दुर्घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम और मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। कंटेनर के सड़क पर पलट जाने से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
इस दौरान वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं रविवार की सुबह एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर को सड़क से हटाया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसे कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों से शहर की ओर जाने लगे। कंटेनर को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किये जाने के बाद राजमार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार के अनुसार पांडेयपुर के समीप कंटेनर डिवाइडर से टकराकर पलट गया था। रविवार की सुबह क्रेन की मदद से कंटेनर को हटवाया गया। इसके बाद सड़क पर आवागमन फिर से शुरू करा दिया गया। गनीमत रही कि घटना में किसी की जान नहीं गई।