सभी गेटों पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात, बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने पर होगी कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के सभी गेट खुल गए हैं और संयंत्र का संचालन सुचारु रूप से जारी है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सामान्य आवागमन सुनिश्चित करने और संयंत्र के निर्बाध संचालन को लेकर रविवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा समेत जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में वर्तमान विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और संयंत्र के कामकाज में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन के अनुसार, बीएसएल के सभी गेटों पर पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि सभी गेट खुले रहें और संयंत्र के संचालन तथा सामान्य आवागमन में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धरना-प्रदर्शन या विरोध कार्यक्रम आयोजित करने से पहले सक्षम प्राधिकार से अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि विधि-व्यवस्था, जनसुरक्षा और संयंत्र के सुचारु संचालन को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, एएसपी वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीएसपी मुख्यालय पवन कुमार, डीएसपी सिटी राजीव रंजन समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।