नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। पटना-गया रेलखंड पर तारेगना रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह चलती ट्रेन में एक यात्री का मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की और बाद में जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का संबंध रेलवे के ओवरहेड तार (ओएचई) काटने वाले तरकटवा गिरोह से भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद जिले के शकूराबाद निवासी मो. हुसैन, पिता मोहम्मद इरशाद, पटना में पढ़ाई करते हैं। गुरुवार सुबह वह पटना से गया जा रही पैसेंजर ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे। ट्रेन जैसे ही तारेगना स्टेशन से खुलकर मलिकाना मोहल्ला के पास पहुंची, तभी एक युवक उनका मोबाइल छीनकर चलती ट्रेन से कूद गया।
मो. हुसैन ने भी बिना देर किए ट्रेन से छलांग लगाकर आरोपी का पीछा किया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद जीआरपी पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान पिंटू कुमार, निवासी मलहचक, जिला जहानाबाद के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाना ले गई और उससे पूछताछ शुरू की।
जहानाबाद जीआरपी थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला है कि आरोपी का पिछले सप्ताह जहानाबाद के टेहटा के पास रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार काटने की घटना में भी संबंध रहा है। वह कथित रूप से रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले तरकटवा गिरोह का सदस्य है। पुलिस इस संबंध में भी उससे गहन पूछताछ कर रही है।
जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया है। पीड़ित मो. हुसैन ने बताया कि आरोपी ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल और सामान पर नजर रखे हुए था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।