नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। डी.ए.वी. संस्था द्वारा युवा ऊर्जा, खेल भावना एवं क्षेत्रीय भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित क्लस्टर-2 क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
वर्ष 2026-27 की क्लस्टर-2 खेल प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल दयानंद विहार में किया गया। प्रतियोगिता में डीएवी संस्था के बिहार प्रक्षेत्र ई, एफ एवं एच, के सहायक क्षेत्रीय अधिकारियों तथा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों के निर्देशन में लगभग 1,800 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल गया के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, वहीं डीएवी पब्लिक स्कूल दानी बिगहा के छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदकों पर कब्जा जमाया। एथलेटिक्स, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दानी बिगहा के खिलाड़ियों ने 18 स्वर्ण, 32 रजत तथा एक कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन, जोश, उत्साह और खेल के प्रति समर्पण देखने को मिला। उनकी उपलब्धियों पर विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल रहा।
विद्यालय की प्राचार्या अल्पना मिश्र ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह सहयोग, सामंजस्य और टीम भावना के साथ लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। डीएवी संस्था कई वर्षों से ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को निखारने का कार्य कर रही है।
प्राचार्या ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ खेल प्रशिक्षकों विमलेश कुमार सिंह, सुमन कुमार सिंह एवं सुप्रिया कुमारी के योगदान की भी सराहना करते हुए उनके प्रयासों को विद्यालय की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।