कानपुर से हाजीपुर जा रही थी 5,659.8 लीटर शराब की खेप, नदौल चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। विदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने पटना-गया एनएच-22 पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य की 5,659.800 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद अधीक्षक निशांत कुमार के नेतृत्व में गुरुवार देर शाम नदौल चेकपोस्ट के पास यह कार्रवाई की गई। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कानपुर से हाजीपुर की ओर विदेशी शराब से लदा एक कंटेनर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर एक टाटा डीसीएम वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से कुल 590 कार्टून शराब बरामद किए गए। इनमें 441 कार्टून विदेशी शराब (3,871.80 लीटर) तथा 149 कार्टून बीयर (1,788 लीटर) शामिल हैं। इस प्रकार कुल 5,659.800 लीटर शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार (35), पिता रघुवीर सिंह, निवासी सिसवाला, थाना रावलवास कुर्द, जिला हिसार (हरियाणा) तथा सतीश कुमार (42), पिता सिसुपाल, निवासी मांगली, थाना मांगली, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे शराब की खेप कानपुर से लेकर हाजीपुर पहुंचाने जा रहे थे। उत्पाद विभाग ने ट्रक, शराब तथा अन्य सामान को जब्त कर दोनों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उत्पाद अधीक्षक निशांत कुमार ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।