•पटना रवाना होने के पूर्व डिहरी में एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम में शामिल हुए थे विमल कुमार ।
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के बारून थाना क्षेत्र में आज रात सशस्त्र अपराधियों ने रोहतास जिले के डिहरी – डालमियानगर नगर परिषदके कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी ।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी श्री कुमार आज रात अपने वाहन से डिहरी से सोन नहर के सेवा पथ के रास्ते पटना जा रहे थे कि रास्ते में धनौती पुल के पास सशस्त्र अपराधियों ने वाहन को रोककर उन्हें गोली मार दी । गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए रोहतास जिले के जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । मृतक श्री कुमार गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे, कुछ वर्ष पूर्व औरंगाबाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी भी रह चुके थे ।
श्री वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी गई है और अपराधियों की धर – पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है । उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है ।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है ।