नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
कोडरमा। कोडरमा पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंदवारा थाना क्षेत्र के उरवां मोड़ स्थित बाबा होटल में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तीन पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराया है, जबकि देह व्यापार में शामिल तीन आरोपियों, एक ब्रोकर तथा होटल प्रबंधक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर तिलैया थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने शुक्रवार रात होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान रंजीत कुमार, बिरेन्द्र कुमार एवं मो. एहतेशाम को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया गया। वहीं देह व्यापार में मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले कैलाश प्रसाद वर्मा तथा होटल मैनेजर रवि कुमार को भी पकड़ा गया।
छापेमारी के दौरान होटल से तीन पीड़ित महिलाओं को बरामद कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। पुलिस ने मौके से कंडोम, शराब की बोतलें, सिगरेट, शक्तिवर्धक दवाएं, मोबाइल फोन, होटल का आगंतुक पंजी सहित कई आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। इसके अलावा दो चारपहिया वाहन और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद की गई है।
इस संबंध में चंदवारा थाना में संबंधित धाराओं एवं अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
कोडरमा पुलिस ने कहा है कि जिले में अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी, अवैध शराब एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।