अटल टिंकरिंग लैब, स्किल लैब और नवनिर्मित एमपी हॉल का हुआ लोकार्पण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बारुन में बुधवार को नवोदय स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नव-निर्मित अटल टिंकरिंग लैब, स्किल लैब तथा नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धारित एमपी हॉल का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नवोदय विद्यालय समिति की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों, विकास यात्रा और शिक्षा के क्षेत्र में उसके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि नबीनगर विधायक चेतन आनंद ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला एक उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान है। यहां से निकलने वाले विद्यार्थी शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, तकनीक, सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों की रचनात्मकता और नवाचार की क्षमता को नई दिशा देंगी।

इस अवसर पर पूर्ववर्ती छात्र एवं शिक्षाविद् आनंद प्रकाश ने नवोदय विद्यालय की गौरवशाली उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान ने हजारों ग्रामीण छात्रों के जीवन को नई दिशा दी है और देश को अनेक प्रतिभाशाली अधिकारी, वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद् दिए हैं।

विद्यालय के प्राचार्य रवीन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि नवनिर्मित अटल टिंकरिंग लैब और स्किल लैब विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक सोच एवं तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित ये प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ेंगी तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी।
समारोह में डीइओ दयाशंकर, विद्या निकेतन ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीएमडी सुरेश गुप्ता समेत शिक्षक, पूर्व छात्र, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।