नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एनएच-22 पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकराने के कारण चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान गोरौल थाना क्षेत्र के चेहराकला गांव निवासी 40 वर्षीय पप्पू महतो, पिता महेश्वर महतो, के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, पप्पू महतो सिलीगुड़ी से ट्रक पर अनानास लादकर पटना जा रहे थे। मंगलवार रात करीब एक बजे भगवानपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप फोरलेन पर उनका ट्रक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें गंभीर रूप से फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। भगवानपुर थाना पुलिस ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली, घर में मातम छा गया। अस्पताल में शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पप्पू महतो चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। परिजनों ने बताया कि पप्पू ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मौत से पूरे परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
भगवानपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि एनएच किनारे खड़े ट्रक में पीछे से एक ट्रक के टकराने की सूचना मिली थी। घायल चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि जिस ट्रक से दुर्घटना हुई उसका चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फरार चालक और ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।