डीएम, एसएसपी व विधायक अरुण मांझी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, महादलित टोले में सबसे बुजुर्ग व्यक्ति करा सकते हैं ध्वजारोहण
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मुख्यमंत्री द्वारा मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र के धनरूआ प्रखंड अंतर्गत नदवां के महादलित टोले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किए जाने की संभावना है। संभावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को विधानसभा के मुख्य सचेतक सह विधायक अरुण मांझी, पटना जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं एसएसपी कार्तिकेय कुमार ने नदवां पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ माध्यमिक विद्यालय नदवां का भी भ्रमण किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी धनराज कुमार, डीएसपी कन्हैया कुमार, बीडीओ अलीशा कुमारी, सीओ, थानाध्यक्ष, नदवां मुखिया शंकर कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अरुण मांझी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा महादलित टोले में जाकर ध्वजारोहण किया जाता है। इस बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम नदवां के महादलित टोले में संभावित है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं और इसमें कई मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मांझी टोला के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा ध्वजारोहण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे महादलित समुदाय के प्रति सम्मान और सामाजिक समावेश का संदेश जाएगा।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, यातायात एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर विभिन्न विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की खबर से नदवां और आसपास के ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीण भी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अंतिम आधिकारिक कार्यक्रम की प्रतीक्षा है।