नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज की ओर से गुरुवार को ‘मेरा तिरंगा–मेरा अभिमान’, ‘मेरा भारत’ एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा कॉलेज के मुख्य द्वार से शुरू होकर धर्मशाला मोड़ तक गई। वहां से वापस लौटकर यात्रा महाविद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में एनसीसी एवं एनएसएस कैडेटों के साथ पुलिसकर्मियों ने भी सहभागिता की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मियों, छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करें।
तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेटों तथा अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।