नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। शहर के बाइपास ओवरब्रिज के समीप बुधवार की देर रात हुई बस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल जेवर व्यवसायी 45 वर्षीय हरिनारायण सोनी की इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह बनारस में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ रहे कामा बिगहा निवासी 50 वर्षीय कृष्णा प्रसाद सोनी भी घायल हुए हैं। उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार, स्व. घनश्याम सोनी के पुत्र हरिनारायण सोनी की पुरानी जीटी रोड स्थित बाजार में हरि ज्वेलर्स नाम से जेवर की दुकान है। वे कारोबार के सिलसिले में अक्सर बनारस आते-जाते थे। बुधवार की रात बस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए बनारस ले जाया गया था, जहां शुक्रवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
हरिनारायण सोनी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वर्ण-रजत व्यवसायी संघ, औरंगाबाद ने गहरा शोक व्यक्त किया। शोक में शहर के स्वर्ण-रजत व्यवसायियों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं।
संघ के अध्यक्ष संजय सोनी, रिंकू सोनी और उदय सोनी ने बताया कि हरिनारायण सोनी अपने पीछे पत्नी रीना देवी और तीन पुत्रों हर्ष, हेमंत एवं सूर्यांश को छोड़ गए हैं। उन्होंने बताया कि हरिनारायण पांच भाइयों में से एक थे। अब उनके भाई सत्यनारायण सोनी ही जीवित हैं, जिनकी दुल्हन ज्वेलर्स नामक दुकान सदर अस्पताल के सामने स्थित है।
व्यवसायी संघ के सदस्यों ने हरिनारायण सोनी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।