“ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एनटीपीसी नबीनगर का योगदान प्रशंसनीय”: चेतन आनंद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र के दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 दिव्यांग लाभार्थियों को कुल 484 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम में नबीनगर के विधायक चेतन आनंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनटीपीसी नबीनगर अपने सीएसआर एवं सामुदायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने ग्रामीण समुदाय के कल्याण एवं जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करने की दिशा में एनटीपीसी नबीनगर के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें दिव्यांगजनों के लिए मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र, एडीएल उपकरण, फोल्डेबल वॉकर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण शामिल थे। कुल 484 उपकरणों के वितरण से 100 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया।

एनटीपीसी नबीनगर द्वारा सीएसआर एवं सामुदायिक विकास के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर विभिन्न पहल की जा रही हैं। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरणों का वितरण इसी क्रम में जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) मनोरंजन पाणिग्रही, महाप्रबंधक (ओएंडएम) अनिल कुमार टी.सी. एवं अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओंकार नाथ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।