एसआईटी ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपियों को दबोचा, हथियार समेत कई सामान बरामद
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बंदेया थाना क्षेत्र में वृद्ध व्यक्ति की गला रेतकर की गई हत्या का औरंगाबाद पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने मामले में छापेमारी करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के केरा गांव निवासी 40 वर्षीय लालकेश्वर रविदास, औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के रमदी गांव निवासी 45 वर्षीय रामाशीष दास तथा एक महिला शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को बंदेया थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि ग्राम-साव बिगहा नहर के किनारे एक वृद्ध व्यक्ति का गला कटा हुआ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
मृतक की पहचान जिनेश्वर बिंद, पिता सूचित बिंद, ग्राम-पाचकेसर, थाना-करपी, जिला अरवल के रूप में हुई। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल औरंगाबाद में कराया गया। इस संबंध में बंदेया थाना कांड संख्या 93/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक औरंगाबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति लालकेश्वर रविदास को गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम-केरा से पकड़ा।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (हसुली) बरामद किया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने दो अन्य साथियों रामाशीष दास और एक महिला के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान मृतक को रामाशीष दास ने पकड़ रखा था, जबकि लालकेश्वर रविदास ने गला रेतकर उसकी हत्या की।
SIT ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल रामाशीष दास को गोह थाना क्षेत्र के ग्राम-रमदी से तथा महिला आरोपी को अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के ग्राम-केर से गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि अंधविश्वास और अवैध संबंध के कारण हत्या की गई थी। पुलिस ने बताया कि मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक हसुली, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक कमीज बरामद की है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की इस वारदात का 72 घंटे के अंदर खुलासा होने से मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।