नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अकबरपुर (नवादा)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा, भक्ति और पवित्रता के वातावरण में शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत होते ही पूरा अकबरपुर प्रखंड छठी मइया की भक्ति में सराबोर हो उठा है। नेमदरगंज, फतेहपुर, पहाड़पुर, मखार, अकबरपुर बाजार, पचरुखी और कोठी बाजार समेत विभिन्न गांवों एवं कस्बों में छठ पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
नहाय-खाय के अवसर पर व्रतियों ने स्नान कर घरों में साफ-सफाई और शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया। इसमें चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी प्रमुख रूप से शामिल रही। विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय महाअनुष्ठान का शुभारंभ किया। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। वहीं, बाजारों में फल, सूप, दउरा, नारियल और पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है।
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती खरना (लोहंडा) का अनुष्ठान करेंगे। इस दौरान दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। खरना के बाद व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
छठ पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। श्रद्धालु घाटों की साफ-सफाई और अन्य तैयारियों में जुटे हैं। चारों ओर छठी मइया के गीतों और भक्तिमय माहौल से अकबरपुर का वातावरण पूरी तरह छठमय हो गया है।