नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
मोतिहारी। महाराष्ट्र के नवी मुंबई से करोड़ों रुपये की ज्वेलरी लूटने वाले आरोपी को बिहार एसटीएफ ने मोतिहारी से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान श्रीराम साह के रूप में हुई है।उसके पास से भारी मात्रा में लूट का माल बरामद किया गया है। बिहार एसटीएफ ने छतौनी इलाके से ‘सटरकटवा’ गिरोह के सरगना श्रीराम साह को भारी मात्रा में कीमती जेवरात और नकदी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हीरे और सोने की 17 अंगूठियां, प्लेटिनम के आभूषण व अन्य कीमती जेवरात, 90 हजार रुपये नकद, 1170 नेपाली रुपये भी बरामद किए है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि छतौनी के बरियारपुर निवासी श्रीराम साह नवी मुंबई के खारघर थाना में दर्ज कांड संख्या 0371/26 में वांछित था। 11 अगस्त को महाराष्ट्र में उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद वह पुलिस से बचकर बिहार आ गया था। महाराष्ट्र में केस दर्ज होने के बाद आरोपी ने मोतिहारी को छिपने का ठिकाना बनाया। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसके ठिकाने को चारों तरफ से घेर लिया। घेराबंदी कर आरोपी श्रीराम को दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से महंगे जेवरात बरामद में हीरा और सोने की 17 अंगूठियां कुल वजन 38.47 ग्राम एक अन्य सोने की अंगूठी वजन 3.36 ग्राम, दो सोने के लॉकेट वजन 4.67 ग्राम और 2.53 ग्राम एक सोने का कान का स्टड वजन 0.45 ग्राम अन्य सोने के आभूषणों का कुल वजन 11.01 ग्राम दर्ज किया गया है। बरामद की सूची में कुल वजन 99.31 ग्राम दर्ज है. पुलिस के अनुसार, श्रीराम साह के खिलाफ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात में गृह-भेदन से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इससे एसटीएफ को उसके अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है।
एसटीएफ अब उन तमाम सदस्यों की तलाश कर रही है जो अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने किन-किन अन्य राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है। जांच का सबसे बड़ा फोकस यह पता लगाना है कि इस अवैध और लूटे गए सामान को किस बाजार या व्यक्ति के पास खपाया जाना था।