नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। एक दर्दनाक हादसे ने बिहार से झारखंड तक सबको झकझोर कर रख दिया है। झारखंड की बटाने नदी में दोस्तों की मस्ती एक पल में चीख-पुकार में बदल गई। औरंगाबाद और बोधगया के परिवारों की खुशियां उजड़ गईं। हंसते-खेलते युवक नदी की गहराई में समा गए।
शनिवार से लापता रितिक और राजू के परिवारों की उम्मीदें रविवार सुबह उस वक्त टूट गईं, जब नदी से रितिक का बेजान शरीर बाहर निकाला गया। परिजनों की आँखों के आँसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। हर कोई बस एक चमत्कार की दुआ कर रहा था, लेकिन तकदीर को कुछ और ही मंजूर था। झारखंड से लेकर बिहार के अंबा तक, नदी के दोनों किनारों पर चीख-पुकार मची है। जहाँ एक तरफ रितिक के घर में कोहराम है, वहीं दूसरी तरफ राजू के माता-पिता की पथराई आँखें अब भी नदी की लहरों को निहार रही हैं। गोताखोर लगातार पानी में राजू की तलाश कर रहे हैं, और पूरा इलाका इस गहरे शोक में डूबा हुआ है।दुसरा युवक चंद्रवंशी अभी भी लापता है, और परिवार वाले नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे हैं। तीसरा युवक राजेंद्र साव को स्थानीय लोगों की सूझबूझ से इनकी जान बच गई, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को औरंगाबाद से युवकों की टोली हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव के बेलघटी के समीप बटाने नदी के किनारे पिकनिक मनाने पहुंची थी। इसी दौरान तीन युवक एक साथ नहाने के लिए नदी में उतर गए। नहाने के दौरान तीनों युवक नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव की कोशिश शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बोधगया थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है। रितिक औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था। हादसे के बाद नदी में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी उर्फ टेनी की तलाश अभी जारी है। काफी खोजबीन के बावजूद संवाद लिखे जाने तक उसका शव बरामद नहीं हो सका था।
इस हादसे के बाद सीमावर्ती बिहार और झारखंड के संबंधित गांवों में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। नदी के किनारों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है। नदी के दोनों किनारों अंबा से हरिहरगंज तक पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
यह घटना हमें सचेत करती है कि नदियों के बढ़ते जलस्तर या गहरे पानी के पास जाते समय बेहद सावधानी बरतने की ज़रूरत है।अनजान पानी की गहराई का अंदाजा लगाना नामुमकिन होता है। पिकनिक मनाते समय थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी छीन सकती है। नदी या तालाब में नहाने से पहले हमेशा सुरक्षा का ध्यान रखें।