बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। समाज को नई दिशा देने और कुरीतियों को मिटाने के संकल्प के साथ ‘अभिनव कला संगम’ के प्रतिनिधिमंडल ने रोहतास के नए पुलिस कप्तान श्री राज से मुलाकात की। एसपी कार्यालय में हुई इस बैठक के दौरान संस्था के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को अपनी सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से अवगत कराया। संस्था ने भविष्य में चलाए जाने वाले जन जागरूकता अभियानों की रूपरेखा भी साझा की।
एसपी श्री राज ने समाज सुधार और जागरूकता के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों की सराहना की और रचनात्मक कार्यों में सहयोग का भरोसा दिया। वर्षों से रंगमंच और नुक्कड़ नाटकों के जरिए दहेज प्रथा, बाल विवाह और नशाखोरी जैसी बुराइयों पर प्रहार कर रही इस संस्था ने एसपी के साथ भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
संस्था के निदेशक संजय सिंह बाला ने नए एसपी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के आपसी तालमेल से जिले में जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता को और मजबूती मिलेगी।
मुलाकात के दौरान संस्था के सचिव नंदन कुमार ने एसपी को पिछले कई वर्षों के कार्यों, नाटकों और नुक्कड़ नाटकों के दस्तावेज व तस्वीरें दिखाईं। उन्होंने बताया कि कला के माध्यम से समाज को जागरूक करने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। संस्था के बंटी पटेल उर्फ राज पटेल ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि भविष्य में वे पुलिस के साथ मिलकर सामाजिक सरोकार के मुद्दों पर और अधिक प्रभावी ढंग से काम करेंगे।
मुलाकात के दौरान निर्देशक संजय सिंह वाला, अध्यक्ष संतोष सिंह, सचिव नंदन कुमार, संजय सिंह, कीर्तन श्रीवास्तव, कलाम हाशमी, राहुल सिंह, विजय चौरसिया, बंटी पटेल उर्फ राज पटेल एवं आलोक कुमार सिंह सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।