नवबिहार टाइम्स संवाददाता
रफीगंज (औरंगाबाद)। रफीगंज प्रखंड के बौर गांव में शनिवार की शाम करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। मृतकों की पहचान बौर गांव निवासी गोपाल प्रसाद (65) और उनकी पत्नी ऐरावंति देवी (60) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि गांव के उत्तर दिशा में पंचायत सरकार भवन के समीप बधार में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर जमीन पर गिरा था। गोपाल प्रसाद और उनकी पत्नी जानवरों के लिए घास लाने बधार की ओर गए थे। इसी दौरान वे टूटे तार की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया। थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के दो पुत्र धनंजय कुमार और मृत्युंजय कुमार मुंबई में मजदूरी करते हैं। माता-पिता की मौत की सूचना मिलने पर दोनों घर के लिए रवाना हो गए। वहीं बेटी संजू देवी भी घटना की सूचना पर मायके पहुंच गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बौर पंचायत के मुखिया विनय प्रसाद ने घटना पर दुख जताते हुए मृतक के परिजनों को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।