रूपापुर गांव में प्रशासन ने शुरू कराया निःशुल्क नाव का परिचालन
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पालीगंज (पटना)। पुनपुन नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण पालीगंज प्रखंड के रूपापुर गांव के समीप सड़क कट गई है। इससे आवागमन बाधित हो गया है और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पटना के निर्देश पर पालीगंज के अंचल अधिकारी ने प्रभावित क्षेत्र में निःशुल्क नाव का परिचालन शुरू कराया है। नाव के माध्यम से ग्रामीणों को नदी पार कराया जा रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में राहत मिल रही है।
प्रशासन की ओर से जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कर स्थायी रूप से आवागमन बहाल कराने की मांग की है।