बेताब अहमद
सासाराम। कोलकाता से कमाकर अपने घर लौट रहे एक 19 वर्षीय युवक के लिए उसका यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। सासाराम जिला के शिवसागर थाना क्षेत्र के कुमाऊं गांव के पास चलती ट्रेन से संतुलन बिगड़ने के कारण युवक रेलवे ट्रैक पर गिर गया और ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कुमाऊं गांव के यमुना शर्मा के युवा पुत्र के रूप में हुई है।
इंतजार की चौखट पर पसरा मातम
जो आंखें कुछ देर बाद अपने बेटे को सामने देखने का इंतजार कर रही थीं, वहां अब सिर्फ चीखें और आंसू बचे हैं। जैसे ही युवक की मौत की खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में बेटे के लौटने की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब गहरा मातम छाया हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची शिवसागर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सासाराम सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया, जहां डॉक्टर पंकज ने अत्यधिक खून बहने को मौत का मुख्य कारण बताया।
एक चूक और सब कुछ खत्म:
पुलिस की अपील शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि युवक ट्रेन के पायदान पर खड़ा था या गेट के पास बैठे हुए उसे झपकी आ गई थी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया। मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए यात्रियों से एक बेहद जरूरी अपील की है। सफर में जल्दबाजी न करें, ट्रेन के गेट या पायदान पर खड़े होकर सफर करना जानलेवा हो सकता है।
नींद या थकान में रहें सतर्क:
यदि सफर के दौरान नींद आ रही हो, तो कभी भी गेट के पास न बैठें।आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपके पूरे परिवार को कभी न भूलने वाला दर्द दे सकती है।