क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मति एवं जलजमाव के स्थायी समाधान के दिए निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा जिले में लगातार हुई वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति को देखते हुए गोह एवं रफीगंज प्रखंड के विभिन्न जल प्रभावित क्षेत्रों एवं गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने जलजमाव की स्थिति, ग्रामीणों के आवागमन, क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलिया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
गोह प्रखंड के घेजना गांव के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने गांव तक पहुंचने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को सड़क की आवश्यक मरम्मति का कार्य अविलंब प्रारंभ कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में वर्षा एवं जलजमाव के कारण जहां भी ग्रामीण सड़कों को क्षति पहुंची है, वहां प्राथमिकता के आधार पर स्थल का आकलन कर यथाशीघ्र मरम्मति कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
घेजना गांव में जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल एवं कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को आपसी समन्वय स्थापित कर स्थल का तकनीकी अध्ययन करते हुए समग्र कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी समाधान के लिए आवश्यकतानुसार विभागीय स्तर पर प्रस्ताव एवं वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, घेजना गांव में जलजमाव के कारण प्रभावित फसलों का आकलन करने के लिए जिला कृषि पदाधिकारी को क्षति का सर्वेक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने गांव में संचालित मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया तथा प्रभावित ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
रफीगंज प्रखंड के पौथु पंचायत अंतर्गत बरपा गांव में मंदार नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण उत्पन्न जलजमाव एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वर्तमान में नदी का जलस्तर कम हुआ है, लेकिन वर्षा एवं जल प्रवाह के कारण नदी के आसपास के कुछ हिस्सों में कटाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार कटाव प्रभावित स्थलों पर तत्काल सैंड बैग आदि के माध्यम से सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कटाव प्रभावित स्थल का विस्तृत सर्वेक्षण कराते हुए स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर ग्रामीण क्षेत्रों को क्षति से बचाया जा सके।
रफीगंज प्रखंड के मिश्र बिगहा गांव में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्मित पुल का भी जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुल का निर्माण हो चुका है, लेकिन लगभग 40 मीटर संपर्क पथ (एप्रोच रोड) का निर्माण अभी लंबित है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को लंबित संपर्क पथ का निर्माण यथाशीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को पुल का समुचित लाभ मिल सके और आवागमन सुचारू हो सके।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि उपहरा एवं अरंडा गांवों में वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों का वीडियोग्राफी के माध्यम से सर्वेक्षण कराया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मति की कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा एवं जलजमाव के कारण उत्पन्न समस्याओं का त्वरित एवं समन्वित रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से सड़क, पुल-पुलिया, जलनिकासी एवं कृषि फसल क्षति से संबंधित मामलों में स्थल निरीक्षण, आकलन एवं आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलजमाव एवं वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों में जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यकतानुसार विभागीय समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन, जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी संदीप राज, डीपीएम स्वास्थ्य मोहम्मद अनवर आलम, संबंधित कार्यपालक अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।