नूरा हाई स्कूल में 603 छात्र-छात्राओं की मापी शुरू, ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा रोजगार
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। बिहार सरकार की पहल के तहत अब सरकारी आदर्श विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की यूनिफॉर्म जीविका दीदियों द्वारा तैयार की जाएगी। इसी क्रम में मसौढ़ी प्रखंड के नूरा हाई स्कूल, नूरा में छात्र-छात्राओं की यूनिफॉर्म के लिए मापी का कार्य शुरू कर दिया गया है।
इसको लेकर बीपीएम दिग्विजय नारायण समदर्शी एवं जीविकोपार्जन विशेषज्ञ यूसुफ सिद्दीकी ने नूरा हाई स्कूल का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहम्मद मनौव्वर आलम के साथ समन्वय बैठक कर यूनिफॉर्म निर्माण को लेकर आवश्यक चर्चा की गई। बैठक के बाद विद्यालय में छात्र-छात्राओं की मापी का कार्य विधिवत शुरू कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मापी का कार्य अधिकार जीविका महिला विकास स्वावलम्बी सहकारी समिति से जुड़ी जीविका दीदियों द्वारा चयनित टेलर मास्टर के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप सभी बच्चों की मापी ली जा रही है। मापी पूरी होने के बाद समिति से जुड़ी प्रशिक्षित जीविका दीदियों द्वारा ही यूनिफॉर्म की सिलाई की जाएगी।
नूरा हाई स्कूल में कक्षा नौवीं से 12वीं तक कुल 603 छात्र-छात्राओं की मापी ली जानी है। इनमें 328 छात्र और 275 छात्राएं शामिल हैं। कक्षा नौवीं में 152, दसवीं में 153, 11वीं में 140 और 12वीं में 158 छात्र-छात्राओं की मापी ली गई है।
बीपीएम दिग्विजय नारायण समदर्शी ने बताया कि इस पहल से दोहरा लाभ होगा। एक ओर बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और एक समान यूनिफॉर्म उपलब्ध होगी, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्र की जीविका दीदियों को सिलाई कार्य के माध्यम से रोजगार और स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रखंड के अन्य आदर्श विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से छात्र-छात्राओं की मापी और यूनिफॉर्म सिलाई का कार्य शुरू किया जाएगा।