बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन, रोहतास। बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। निदेशालय, नियोजन एवं प्रशिक्षण नियोजन, बिहार सरकार के निर्देश पर अवर प्रादेशिक नियोजनालय, डालमियानगर द्वारा राधा शान्ता महाविद्यालय तिलौथू के प्रांगण में एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन मेले का आयोजन किया जा रहा है।
पहले यह जिला स्तरीय नियोजन मेला 17 सितंबर को होने वाला था, लेकिन रोहतास के जिला पदाधिकारी के आदेशानुसार अब इसकी तिथि बदल दी गई है। अब यह भव्य नियोजन मेला 18 सितंबर 2026 को आयोजित होगा। नियोजन मेला में 20 से 25 बड़ी कंपनियां निजी क्षेत्र में नौकरी के सैकड़ों अवसर लेकर आ रही हैं। तकनीकी, गैर-तकनीकी, सेल्स, मार्केटिंग, मैन्युफैक्चरिंग, लर्निंग फैसिलिटेटर और मोबिलाइजर इन सभी पदों पर होगी भर्ती।
ऑन-स्पॉट शार्टलिस्टेड के तहत नियोजक में योग्यता और इंटरव्यू (साक्षात्कार) के आधार पर मौके पर ही ‘ऑफर लेटर’ सौंपें जाएंगे। मेले में बिहार सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी और रोजगारपरक योजनाओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहाँ से आप जरूरी जानकारियां ले सकते हैं।
मेले में शामिल होने के लिए ‘रोजगार सेतु’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य है। युवा इसके आधिकारिक लिंक (https://detjob.bihar.gov.in/registration) या वहां उपलब्ध QR कोड के माध्यम से अपना निबंधन करा सकते हैं। मेला स्थल पर जाते समय अपने साथ सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा (Resume) और पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ ले जाना न भूलें।